रायगढ़,15 मई (आरएनएस)। सोशल मीडिया के जरिए युवती से दोस्ती कर उसे धमकाने, छेडख़ानी करने और अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ सिंह राजपूत (24 वर्ष) निवासी लश्करगंज, थाना टिकारी, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पीडि़ता ने 14 मई 2026 को महिला थाना रायगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि करीब 7-8 महीने पहले उसकी आरोपी से इंस्टाग्राम पर पहचान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई।
शिकायत के अनुसार 5 जनवरी 2026 को आरोपी रायगढ़ पहुंचा और मेडिकल कॉलेज रोड, चक्रधरनगर क्षेत्र में युवती को बुलाकर पसंद करने की बात कहते हुए गलत नियत से उसका हाथ पकड़कर छेडख़ानी की। साथ ही घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण युवती ने यह बात अपने परिवार को नहीं बताई।इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर युवती को परेशान करता रहा। बातचीत बंद करने पर वह जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। 30 अप्रैल 2026 को आरोपी ने युवती पर साथ घूमने जाने का दबाव बनाया। भयभीत युवती आरोपी के साथ मथुरा चली गई। 4 मई को युवती ट्रेन से रायगढ़ लौट आई, लेकिन आरोपी उसका मोाइल अपने पास रख लिया और केवल सिम कार्ड वापस किया।
घर लौटने के बाद युवती ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद आरोपी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से युवती के परिवार वालों को अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर धमकाने लगा।मामले में महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 75, 79 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान आरोपी के रेलवे स्टेशन के पास देखे जाने की सूचना पर महिला थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पीछा कर चक्रधरनगर क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने खुद को यूट्यूबर बताया और अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

