० कुयेम गुमपुर में लगा स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों की हुई व्यापक जांच – बी आर पुजारी
बीजापुर, 15 मई (आरएनएस)। जिले के अतिदुर्गम एवं पहुंचविहीन क्षेत्र डोड़ी तुमनार कुयेम गुमपुर में पहली बार जिला स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम पहुंची। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान 2026 के तहत आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विकासखंड बीजापुर के इस दूरस्थ क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर, ऊंचाई सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच एवं उपचार के साथ शिशुओं का टीकाकरण भी किया गया।
अभियान के दौरान टीबी एवं कुष्ठ रोग के संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उनकी जांच की गई। अन्य बीमारियों से पीडि़त ग्रामीणों को भी आवश्यक उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों को बेहतर उपचार के लिए एंबुलेंस सुविधा के माध्यम से जिला चिकित्सालय बीजापुर रेफर किया गया। दुर्गम क्षेत्र में पहली बार जिला स्तरीय अधिकारियों के पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के जरिए शासन स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ लोगों में जागरूकता और भरोसा भी मजबूत कर रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

