हरिद्वार,13 मई (आरएनएस)। ऊर्जा निगम आज पीएसी क्षेत्र में चार घंटे की बिजली कटौती करेगा। मरम्मत काम के लिए बिजली की सप्लाई बाधित होगी। सप्लाई बंद होने के दौरान क्षेत्र की पांच हजार की आबादी को बड़ी परेशानी उठानी पड़ेगी। दिन में लोगों का कारोबार प्रभावित होगा। वहीं लोगों को गर्मी में बिजली कटौती से जूझना पड़ेगा।
गुरुवार को ऊर्जा निगम के कर्मचारी उपसंस्थान पीएसी के गंगा नगरी फीडर पर विद्युत लाइनों को स्थानांतरण का काम करेंगे। मरम्मत काम के लिए सुबह 10 बजे फीडर से बिजली की सप्लाई बंद होगी। काम पूरा होने के बाद दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति सुचारू होने की सूचना निगम ने उपलब्ध कराई है। गर्मी के दौरान दिन में चार घंटे की बिजली कटौती से लोग बेहाल होंगे। क्षेत्र के शिवालिक नगर, गंगा नगरी, क्लस्टर एम, क्लस्टर एन, क्लस्टर पी और टिहरी विस्थापित क्षेत्र में लोगों को बड़ी दिक्कतें उठानी पड़ेगी। बिजली आपूर्ति बाधित होने से फोटो कॉपी, कंप्यूटर संबंधित कार्य, कॉमन सर्विस सेंटर, वेल्डिंग, आटा चक्की, लेथ मशीन और अन्य बिजली से संचालित कारोबार ठप रहेंगे। साथ ही बेकरी, कोल्ड ड्रिंक, मिठाई, आईसक्रीम पार्लर, जूस सेंटर, कंफेक्शनरी आदि के छोटे दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ेगा। सुबह से दोपहर तक लोगों के जरूरी काम अधूरे रहेंगे। साथ ही लोगों को पानी की वैकल्पिक व्यवस्था अपने स्तर से करनी पड़ेगी।
–सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत लाइनों का स्थानांतरण करना जरूरी है। मरम्मत काम के लिए बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। लोगों को बिजली कटौती की सूचना पूर्व में उपलब्ध कराई गई है। -रवि कुमार, अधिशासी अभियंता
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

