हरिद्वार,13 मई (आरएनएस)। डिवाइन कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज में बुधवार को इंटरनेशनल नर्सिंग डे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। आधुनिक नर्सिंग की जननी फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में नर्सिंग पेशे के महत्व और स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सों के योगदान को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। कॉलेज के नर्सिंग विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का मुख्य विषय “नर्सें हमारा भविष्य” रखा गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि नर्सों को सशक्त बनाया जाएगा, तभी समाज को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि नर्सें केवल अस्पतालों में ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के स्वास्थ्य तंत्र की मजबूत आधारशिला हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन की ओर से निदेशक गगन यादव और प्रशांत खरे मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना करने के लिए नर्सिंग क्षेत्र में नवाचार और सशक्तिकरण बेहद जरूरी है। नर्सिंग विभाग की अध्यक्ष एवं प्रधानाचार्या रचना गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा गया कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

