-बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और ग्रामीण विकास को मिली नई दिशा, 1.41 करोड़ की लागत से बनेगा उत्सव भवन
अयोध्या 11 मई (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार बच्चों की शिक्षा और उनके समग्र विकास के लिए निरंतर संकल्पित होकर कार्य कर रही है। इसी क्रम में बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं सदस्य लोकलेखा समिति उत्तर प्रदेश डॉ. अमित सिंह चौहान ने ग्राम पंचायत अगेथुवा स्थित पूर्व प्राथमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण कर उसे बच्चों के पठन-पाठन के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक क्षेत्र की खजुरहट ग्राम पंचायत में 1 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले उत्सव भवन (मैरिज भवन) का भूमि पूजन एवं शिलान्यास भी विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान द्वारा धार्मिक विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के बीच किया गया। कार्यक्रम में पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन कराया गया, जबकि विधायक ने स्वयं फावड़ा चलाकर निर्माण कार्य की नींव की खुदाई की। विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने कहा कि खजुरहट ग्राम पंचायत में बनने वाला उत्सव भवन क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। प्रयागराज हाईवे के निकट प्रस्तावित यह उत्सव भवन अयोध्या जनपद का इकलौता उत्सव भवन होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में जनपद स्तर पर कुल 71 उत्सव भवनों के निर्माण की योजना सुनिश्चित की गई है। सरकार ग्रामीण विकास और जनसुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

