-फांसी लगाने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
अयोध्या 11 मई (आरएनएस)। कुमारगंज थाना क्षेत्र के धनैचा मजरे मेलथुवा गांव निवासी 20 वर्षीय मंजीत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में अब पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक का शव बीते 3 मई रविवार को गांव से कुछ दूरी पर स्थित चिरंजीवी मिश्र का पुरवा के पास एक पेड़ पर गमछे के सहारे लटका मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। सूचना मिलने पर थाना कुमारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण हैंगिंग बताया गया था। हालांकि घटना के बाद से ही ग्रामीणों और परिजनों के बीच मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। ग्रामीण इसे सामान्य आत्महत्या मानने को तैयार नहीं थे और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। बीते 5 मई को बड़ी संख्या में ग्रामीण कुमारगंज थाने पहुंच कर गेट पर हंगामा करते हुए मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। उस समय थाना अध्यक्ष कुमारगंज सुरेश पटेल ने परिजनों से तहरीर देने को कहा था तथा जांच का भरोसा दिलाया था। मृतक की मां कमलेश पत्नी रंजीत कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका बेटा मंजीत 3 मई को बकरी चराने खेत गया था। वापस आने के बाद उसने खाना खाया और बिना कुछ बताए गांव में खेलने चला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका बेटा काफी परेशान रहता था और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रताडि़त किए जाने के कारण उसने फांसी लगा ली। थाना अध्यक्ष कुमारगंज सुरेश पटेल ने सोमवार को बताया कि मृतक की मां की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां थीं, जिनके चलते युवक ने आत्मघाती कदम उठाया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

