मिल्कीपुर-अयोध्या 11 मई (आरएनएस)। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के विकासखंड मिल्कीपुर अंतर्गत बसावां मुतालके ईटगांव में सोमवार को विधायक मिल्कीपुर चंद्रभानु पासवान ने नवनिर्मित पंचायत भवन एवं डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण कर उसे ग्रामवासियों को समर्पित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रभानु पासवान ने कहा कि पंचायत भवन ग्रामीण प्रशासन, जनसुनवाई और विकास योजनाओं के संचालन का सशक्त केंद्र बनेगा। इससे गांव के लोगों को सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। विधायक ने डिजिटल लाइब्रेरी को गांव के युवाओं और छात्र-छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, इंटरनेट, डिजिटल संसाधन एवं तकनीकी जानकारी का लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को अब पढ़ाई और जानकारी के लिए शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गांवों को आत्मनिर्भर, शिक्षित और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्याम नारायण पाठक, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी, मंडल उपाध्यक्ष शेर बहादुर सिंह, पूर्व शक्ति केंद्र संयोजक विजय शुक्ला, अरुणोदय तिवारी, अंकित दुबे, मुकेश तिवारी, सुरेश तिवारी, रामकरण, महामंत्री अमरनाथ बंसल, भारत राम, राजित राम ओझा, अर्जुन सिंह एवं प्रभु शरण सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

