-पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने डीएम को सौंपा शिकायती पत्र, निर्माण कार्य में तेजी लाने की उठाई मांग
मिल्कीपुरÓअयोध्या 11 मई (आरएनएस)। प्रभातनगर से हैरिंग्टनगंज होते हुए अलीगंज मार्ग के निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य की धीमी रफ्तार को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जगह-जगह सड़क खोदकर अधूरा छोड़ दिए जाने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और धूल-धक्कड़ से आमजन का जीवन प्रभावित हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व जिपं सदस्य एवं अधिवक्ता विनय कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। डीएम को दिए गए पत्र में पूर्व जिप सदस्य विनय कुमार सिंह ने कहा कि प्रभातनगर से हैरिंग्टनगंज तक सड़क चौड़ीकरण के लिए दोनों किनारों पर मिट्टी डाली गई है, जबकि हैरिंग्टनगंज से अयोध्या सीमा तक सड़क उखाड़कर गिट्टी-मिट्टी डालने का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य की अत्यंत धीमी गति के कारण आमजन को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि यह महत्वपूर्ण मार्ग अयोध्या, सुल्तानपुर और अमेठी जैसे तीन जिलों को जोड़ता है। अयोध्या धाम में सरयू स्नान एवं राममंदिर दर्शन पूजन के लिए भी इस मार्ग से काफी श्रद्धालुओं का आना-जाना रहता है। जिसके चलते इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क पर फैली गिट्टी और उबड़-खाबड़ रास्ते दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं। शिकायतकर्ता श्री सिंह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी बरसात से पहले सड़क निर्माण कार्य पूरा कराया जाना बेहद आवश्यक है, अन्यथा जलभराव और आवागमन की समस्या और विकराल हो जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग कराते हुए तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को राहत मिल सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

