-नियमित सफाई और संतुलित आहार जरूरी : डॉ. सत्येंद्र
मिल्कीपुर-अयोध्या 11 मई (आरएनएस)। बदलती जीवनशैली और गलत खानपान की आदतों का असर अब लोगों के दांतों और मसूड़ों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय कुमारगंज में इन दिनों दांतों से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अस्पताल के दंत चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र ने बताया कि अनियमित खानपान, तली-भुनी चीजों का अधिक सेवन, मीठे पदार्थों की अधिकता और दांतों की सही तरीके से सफाई न करने के कारण लोगों में दांतों और मसूड़ों की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। डॉ. सत्येंद्र ने बताया कि दांतों में मुख्य रूप से तीन परतें होती हैं। गलत खानपान की वजह से अम्ल (एसिड) बनने लगता है, जो धीरे-धीरे दांतों और मसूड़ों को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि खाना खाने के बाद कुल्ला जरूर करना चाहिए, जिससे भोजन के कण दांतों में फंसे न रहें और संक्रमण की संभावना कम हो सके। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि प्रत्येक व्यक्ति को छह महीने में कम से कम एक बार दंत चिकित्सक से जांच जरूर करानी चाहिए। उन्होंने बच्चों में बढ़ती दांतों की समस्याओं को लेकर भी चिंता जताई। डॉ. सत्येंद्र के अनुसार बच्चों में कैल्शियम की कमी तथा चॉकलेट, टॉफी और अन्य मीठे पदार्थों का अधिक सेवन दांतों को कमजोर बना देता है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की खानपान की आदतों पर विशेष ध्यान देना चाहिए तथा नियमित रूप से उनके दांतों की सफाई करानी चाहिए। दांतों में ठंडा या गर्म लगने की समस्या पर उन्होंने बताया कि दांतों की ऊपरी सुरक्षा परत यानी इनेमल घिस जाने के कारण दांत संवेदनशील हो जाते हैं, जिससे पानी या ठंडी-गर्म चीजें लगने लगती हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि दांतों को अधिक दबाव देकर नहीं साफ करना चाहिए, क्योंकि इससे इनेमल को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में भी दांतों और मसूड़ों पर असर पड़ता है। शरीर में पानी की कमी होने पर मुंह में छाले और मसूड़ों की समस्याएं बढ़ जाती हैं, जो सीधे दांतों को प्रभावित करती हैं। इसलिए लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए और संतुलित आहार लेना चाहिए। भोजन में प्रोटीन युक्त पदार्थों को शामिल करने तथा तली-भुनी चीजों से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

