नईदिल्ली, 12 मई। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के बल्लेबाज मोमिनुल हक ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ ढाका के शेर-ए बांग्ला स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में शानदार अर्धशतकीय पारी (56) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 27वां अर्धशतक रहा। पारी का 50वां रन बनाते ही उनके टेस्ट क्रिकेट में 5,000 रन भी पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले बांग्लादेश के केवल तीसरे बल्लेबाज बने हैं। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
बांग्लादेश को अपनी दूसरी पारी में 15 रन के कुल स्कोर पहला झटका लग गया था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए मोमिनुल ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो के साथ तीसरे विकेट के लिए 105 रन की शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला। इस दौरान उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन उसके बाद वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वह 120 गेंदों में 4 चौकों से 56 रन बनाकर आउट हुए।
मोमिनुल ने टेस्ट क्रिकेट में 5,000 रन पूरे करते ही विशेष सूची में जगह बना ली है। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले केवल तीसरे बांग्लादेशी क्रिकेटर हैं। बांग्लादेश के लिए सबसे अधिक टेस्ट रन बनाने का रिकॉर्ड मुशफिकुर रहीम के नाम दर्ज हैं, जिन्होंने अब तक 101 टेस्ट की 186 पारियों में 6,590 से अधिक रन बनाए हैं। सूची में तमीम इकबाल (5,134) दूसरे नंबर पर है। अब मोमिनुल भी इस सूची में शामिल हो गए हैं।
मोमिनुल ने साल 2012 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 76 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिसकी 141 पारियों में 38.21 के औसत से 5,006 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 13 शतक और 27 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 181 रन का रहा है। वह अपने करियर में 10 बार नाबाद भी रहे हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

