गुवाहाटी, 12 मई (आरएनएस ) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को असम पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित नवनिर्वाचित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर हिमंता बिस्वा सरमा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की।समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवगठित सरकार के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा तथा मंत्रिमंडल के नवनियुक्त सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल, जनकल्याणकारी और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई सरकार असम के विकास, सुशासन और जनहित के कार्यों को नई गति प्रदान करेगी।इससे पहले गुवाहाटी एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पारंपरिक असमिया शैली में भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय कलाकारों ने वाद्ययंत्रों और पारंपरिक लोकनृत्य के माध्यम से उनका अभिनंदन किया। पारंपरिक परिधान में उपस्थित महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए सम्मान प्रकट किया।एयरपोर्ट परिसर में मौजूद बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री योगी का जयघोष के साथ स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनके स्नेह एवं स्वागत के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर समर्थकों और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। समारोह के माध्यम से राजग सरकार ने असम में नए कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

