अंबिकापुर,11 जुलाईं (आरएनएस)। सरगुजा पुलिस ने अपराध विवेचना को आधुनिक तकनीक से जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के 102 विवेचकों को हाईटेक सैमसंग स्मार्टफोन वितरित किए हैं। पुलिस मुख्यालय रायपुर कीASUMP Scheme wwz-w{ (Modern/Special Plan) के तहत उपलब्ध कराए गए इन स्मार्टफोन के जरिए अब जांच प्रक्रिया अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और डिजिटल होगी।पुलिस अधीक्षक कार्यालय अंबिकापुर में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल (आईपीएस) ने थानों में पदस्थ विवेचकों को स्मार्टफोन वितरित किए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह पहल देश में लागू नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और ‘ई-साक्ष्य के सुरक्षित एवं त्वरित संकलन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।इन स्मार्टफोन की मदद से
विवेचक अब घटनास्थल की तस्वीरें, ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग, डिजिटल दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से संग्रहित कर सकेंगे। साथ ही डिजिटल रिपोर्टिंग और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया पूरी तरह मानकीकृत होगी, जिससे विवेचना की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।सरगुजा पुलिस ने बताया कि मोबाइल वितरण के बाद विवेचकों को विशेष तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके साथ ही डेटा सुरक्षा और डिजिटल साक्ष्य प्रबंधन के लिए मॉनिटरिंग सिस्टम भी विकसित किया जा रहा है, ताकि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके और स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में जिले को नई पहचान मिल सके।
००००


