लखनऊ 12 मई (आरएनएस )। राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 74 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। हरिकंश गढ़ी चौकी के सामने कट के पास तेज रफ्तार ट्रैवलर वाहन ने मोटरसाइकिल सवार बुजुर्ग को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रैवलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, घटना 11 मई 2026 की रात करीब 9:15 बजे थाना पीजीआई क्षेत्र के हरिकंश गढ़ी चौकी के सामने कट के पास हुई। स्थानीय लोगों ने सड़क दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।मौके पर घायल व्यक्ति की पहचान वासुदेव यादव पुत्र स्वर्गीय महादेव यादव, निवासी बाबू खेड़ा, थाना पीजीआई, लखनऊ के रूप में हुई। वासुदेव यादव मोटरसाइकिल संख्या यूपी32एलआर3589 से पीजीआई से मोहनलालगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रैवलर वाहन संख्या यूपी33बीटी3279 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के तुरंत बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस बुलाकर घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर-2 पीजीआई भेजा। पुलिस ने घायल के मोबाइल फोन के माध्यम से उनकी पुत्री रेनू यादव को घटना की सूचना दी। परिजनों की मौजूदगी में उपचार के दौरान वासुदेव यादव ने दम तोड़ दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।हादसे के बाद ट्रैवलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।पुलिस का कहना है कि फरार ट्रैवलर चालक की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही नियमानुसार की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

