लखनऊ 12 मई (आरएनएस ) । राजधानी के गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र स्थित शालीमार वन वल्र्ड टावर-सी1 में मंगलवार तड़के एक युवती का शव फ्लैट के अंदर फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां युवती छत पर लगे पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर पहलू की गहनता से जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को तड़के करीब 2:30 बजे थाना गोमतीनगर विस्तार को सूचना प्राप्त हुई कि शालीमार वन वल्र्ड टावर-सी1 के फ्लैट नंबर-804 में रहने वाली एक महिला ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है और काफी आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। आसपास मौजूद लोगों और टावर के सुरक्षा कर्मियों की मदद से दरवाजा तोड़कर पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई। कमरे के भीतर पुलिस ने देखा कि रतना सिंह (32) पुत्री सुधीर सिंह छत पर लगे पंखे से दुपट्टे के फंदे के सहारे लटकी हुई थीं।पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतरवाया और प्रारंभिक जांच शुरू की। पूछताछ और उपलब्ध जानकारी के आधार पर पता चला कि मृतका मूल रूप से गोरखपुर जनपद के कैंट थाना क्षेत्र के बिछिया इलाके की रहने वाली थीं और वर्तमान में गोमतीनगर विस्तार स्थित उक्त फ्लैट में अकेले रह रही थीं। वह थाना क्षेत्र में स्थित मानसून सैलून में मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं।घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से एक एप्पल मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्यों और परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

