लखनऊ 12 मई (आरएनएस )। राजधानी के मलिहाबाद थाना क्षेत्र में देशी शराब ठेके पर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब खरीदने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने ठेके पर कार्यरत सेल्समैन पर लोहे की पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपी ने पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली।पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को मलिहाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला सैय्यदबाड़ा निवासी हेमा पत्नी अजय कुमार जायसवाल उर्फ रिंकू जायसवाल ने तहरीर देकर सूचना दी कि उनके पति अजय कुमार जायसवाल उर्फ रिंकू जायसवाल ग्राम ढेढेमऊ स्थित देशी शराब ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे। आरोप है कि ग्राम ढेढेमऊ निवासी नन्हक्के कश्यप ने लोहे की पाइप से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे रज्जन लाल निवासी ग्राम पुरवा को भी आरोपी ने मारपीट कर घायल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मलिहाबाद में तत्काल हत्या और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।पुलिस की सक्रियता के चलते मुखबिर की सूचना पर उसी दिन शाम करीब 7:30 बजे समदा तालाब, कस्बा मलिहाबाद के पास से आरोपी नन्हक्के कश्यप को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वह सुबह शराब खरीदने के लिए ग्राम ढेढेमऊ स्थित देशी शराब ठेके पर गया था। ठेका बंद होने की बात को लेकर सेल्समैन अजय कुमार जायसवाल से उसका विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर गुस्से में उसने पास में पड़ी लोहे की पाइप उठाकर अजय कुमार जायसवाल के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई।आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि बीच-बचाव करने आए रज्जन लाल को भी उसने लोहे की पाइप से पीटकर घायल कर दिया। घटना के बाद उसने हत्या में प्रयुक्त पाइप को ग्राम ढेढेमऊ में तालाब किनारे छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लोहे की पाइप बरामद कर ली, जिसके बाद मुकदमे में साक्ष्य मिटाने से संबंधित धारा भी बढ़ाई गई।गिरफ्तार आरोपी नन्हक्के कश्यप, उम्र लगभग 45 वर्ष, मजदूरी का काम करता है और ग्राम ढेढेमऊ थाना मलिहाबाद का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।मलिहाबाद पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

