कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल में नई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना को लागू करने के निर्णय का स्वागत किया और कहा कि दो इंजन वाली सरकार प्रमुख केंद्रीय योजनाओं का सुचारू रूप से कार्यान्वयन सुनिश्चित करेगी। पीएम मोदी ने शुभेंदु अधिकारी के एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि पश्चिम बंगाल के मेरे भाई-बहनों का कल्याण ही सर्वोपरि है। मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि राज्य के लोगों को ‘आयुष्मान भारतÓ का लाभ मिलेगा। यह दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सेवा योजनाओं में से एक है, जो बेहतरीन गुणवत्ता वाली और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करती है। इसके साथ ही, ‘डबल इंजनÓ सरकार केंद्र की प्रमुख योजनाओं के बिना किसी रुकावट क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उन्होंने पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की और राज्य की खोई हुई शान वापस लाने के लिए छह अहम फैसले लिए। आयुष्मान भारत योजना के तहत अब पश्चिम बंगाल के लोगों को प्रधानमंत्री की प्रमुख स्वास्थ्य सेवा योजना का लाभ मिलेगा। सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को तुरंत जमीन सौंपने की व्यवस्था की गई है, जिसे 45 दिनों के भीतर पूरा किया जाना है। घोषणापत्र में किए गए वादे के मुताबिक, राज्य सरकार की नौकरियों के लिए आवेदन करने वालों की उम्र सीमा पांच साल बढ़ा दी गई है, ताकि उन लोगों को राहत मिल सके जिन्होंने पिछली सरकार के दौरान अपना कीमती समय गंवा दिया। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) को आधिकारिक तौर पर लागू करने और सही प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए जनगणना को मंजूरी दी गई है। साथ ही, उन 321 परिवारों के कल्याण के लिए कदम उठाए गए हैं, जिन्होंने पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की रक्षा करते हुए अपने प्रियजनों को खो दिया। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम विश्वकर्मा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पीएम उज्ज्वला जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं को सुचारू रूप से लागू करने का रास्ता साफ कर दिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

