०रायपुर से यूपी जा रहे युवक की हालत गंभीर, पुलिस ने रेस्क्यू कर निकाला बाहर
सरगुजा,12 मई (आरएनएस)। अंबिकापुर जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को नेशनल हाईवे-130 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुंवरपुर मोड़ के पास रायपुर से उत्तरप्रदेश जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार कार में सवार युवक वाहन के भीतर फंस गया था। घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद घायल युवक को कार से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायल कीपहचान अभिषेक पांडे पिता अजय पांडे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भदोही, उत्तरप्रदेश का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में रायपुर के कबीर नगर क्षेत्र में रह रहा था।
घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

