धमतरी, 12 मई (आरएनएस)। जान जोखिम में डालकर मालवाहक पिकअप में सवारी ढो रहे चालकों पर धमतरी पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि सड़क पर ही नियम तोडऩे वालों की रफ्तार थम गई। सड़क हादसों को रोकने और अवैध तरीके से यात्रियों को ढोने की खतरनाक प्रवृत्ति पर लगाम लगाने के लिए धमतरी पुलिस ने 12 मई 2026 को बड़ा सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें 5 पिकअप वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कड़ी चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिलेभर में सड़क सुरक्षा अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान आम लोगों, युवाओं, ग्रामीणों और वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया जा रहा है। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी लगातार कार्रवाई जारी है। यातायात पुलिस एल्कोमीटर से जांच कर नशे में वाहन चलाने वालों के वाहन जब्त कर न्यायालय में पेश कर रही है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस धमतरी ने विशेष चेकिंग के दौरान पाया कि कई मालवाहक पिकअप वाहन परमिट शर्तों का खुला उल्लंघन करते हुए यात्रियों को ढो रहे थे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन क्रमांक सीजी 04 सीजी 7550, सीजी 04 केव्ही 0551, सीजी 04 सीजी 9693, सीजी 05 एक्स 0113 और सीजी 04 पीजी 9640 के चालकों पर चालान काटा। प्रत्येक वाहन चालक से 5,300 रुपये के हिसाब से कुल 26,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने चालकों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में मालवाहक वाहनों में सवारी ढोते पाए जाने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, नियम तोडऩे वाले इन वाहनों के परमिट निरस्त कराने और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। बहरहाल, धमतरी पुलिस का साफ संदेश है कि सड़क पर अब नियम तोडऩे वालों के लिए कोई राहत नहीं, क्योंकि सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन की सबसे बड़ी गारंटी है।
०


