रायपुर, 12 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपए की चोरी का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी वंश कुमार मुरपानी ने खम्हारडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह लोधीपारा रोड, शंकर नगर में लक्ष्य ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करता है। 9 मई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद 11 मई की सुबह जब दुकान खोली गई तो शटर के दोनों ताले टूटे मिले और दुकान से सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और बिस्किट गायब थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने मौके का निरीक्षण कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद 40 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 50 से ज्यादा पुराने चोरी एवं नकबजनी के आरोपियों की जांच की।
तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने घटना के 10 घंटे के भीतर एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने मंदिर हसौद क्षेत्र के हर्ष ज्वेलर्स में चोरी और अभनपुर क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकान में चोरी के प्रयास की बात भी कबूल की है।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल खम्हारडीह थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

