बालोद 12 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में सीवरेज पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से तीन मजदूर जिंदा दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला मजदूर भी शामिल है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार फुटबॉल ग्राउंड स्थित दास पान ठेला के सामने बीएसपी की सीवरेज पाइपलाइन परियोजना के तहत खुदाई का काम चल रहा था। जेसीबी और चेन माउंट मशीन से खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और बीएसपी के अधिकारी राहत एवं बचाव टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग ने भी घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से जानकारी ली।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

