नईदिल्ली,12 मई (आरएनएस)। पेपर लीक के कारण रद्द हुई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने मंगलवार को 2 लोगों को हिरासत में लिया है, जिसमें से एक को पेपर लीक का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। इनकी पहचान मनीष यादव और राकेश मंडावरिया के रूप में हुई है। मनीष को जयपुर में हिरासत में लिया गया है। दोनों की प्रश्न-पत्र प्रसारित करने में भूमिका है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पेपर लीक मामले में सीकर, झुंझनू और देहरादून से अब तक 15 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि सबसे पहले कथित अनुमान-पत्र सीकर के छात्रों को 1 मई को मिला था, जिसमें से 120 से 140 हुबहू प्रश्न 3 मई की नीट परीक्षा में आए थे। यह प्रश्न-पत्र छात्रों से होते हुए कोचिंग संचालकों तक पहुंचा था। शिकायत के बाद इसकी जांच शुरू हुई थी।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि केंद्रीय एजेंसियों की सूचना के बाद 3 मई को हुई नीट-यूजी 2026 की परीक्षा रद्द कर दी गई है। परीक्षा दोबारा होगी, जिसकी तारीख जल्द घोषित की जाएगी। परीक्षा के लिए नए पंजीकरण की जरूरत नहीं होगी, कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। छात्रों के मौजूदा पंजीकरण डेटा और परीक्षा केंद्र पहले के रहेंगे। नए प्रवेश-पत्र जारी किए जाएंगे। सीबीआई पेपर लीक मामले की जांच करेगी।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

