भोपाल 12 मई (आरएनएस)।पीएम नरेंद्र मोदी की फ्यूल बचाने की अपील का मध्यप्रदेश में भी असर देखने को मिल रहा है। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर इलेक्ट्रिक स्कूटर पर मंत्रालय जाते नजर आए। जबलपुर हाईकोर्ट के जज मंगलवार को अपनी लग्जरी कार को घर पर ही छोड़कर साइकिल से कोर्ट पहुंच गए। एक हाईकोर्ट जज के साइकिल से कोर्ट जाने से अन्य लोग भी प्रेरित होंगे। इधर, राजधानी भोपाल में निगम मंडल के अध्यक्षों के कार्यभार ग्रहण करने का सिलसिला चल रहा है। एक विभाग के अध्यक्ष इ-रिक्शा से कार्यभार ग्रहण करने पहुंच गए। उन्होंने भी फ्यूल बचाने का संदेश दिया।
जबलपुर हाईकोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल मंगलवार को साइकिल से कोर्ट जाते हुए नजर आए। उनके इस तरह कोर्ट जाते हुए देख लोग भी हैरान थे। जब मीडिया ने उनसे इस बारे में बात की तो उन्होंने कहा कि यह गलत सोच है कि जबलपुर हाईकोर्ट के जज साइकिल से कोर्ट नहीं जा सकते। बंसल ने कहा कि जहां तक हो सके सभी को साइकिल चलाकर फ्यूल की बचत करना चाहिए। यह पर्यावरण के साथ ही देशहित से भी जुड़ा विषय है। जस्टिस बंसल ने कहा कि वे हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा से प्रेरित होकर साइकिल चला रहे हैं। इस बीच कुछ कर्मचारी भी साइकिल से जाते हुए नजर आए।
भोपाल में ही ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर मंगलवार को ईंधन बचाते नजर आए। वे इलेक्ट्रिक स्कूटर पर बैठकर मंत्रालय पहुंचे थे। उन्होंने मीडिया से कहा कि पीएम की अपील का स्वागत करता हूं और मैं पालन कर रहा हूं। सभी से अपील करूंगा कि वे भी पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करेंगे। इससे विदेश पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान देशवासियों से फ्यूल की खपत कम करने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से कहा था कि जहां तक संभव हो, पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करें तथा मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ाएं, ताकि ऊर्जा की बचत हो सके और विदेशी मुद्रा पर पडऩे वाला दबाव कम किया जा सके।

