०0 से 5 वर्ष तक के 76,188 बच्चों को पिलाई जाएंगी पोलियोरोधी दवा की दो बूंदें
कोण्डागांव,26 जून (आरएनएस)। जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से आगामी 28 जून 2026 को जिले के सभी विकासखंडों में पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 76,188 बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंदें पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला टीकाकरण अधिकारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अभियान के सफल संचालन हेतु प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिलेभर में 781 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों एवं मितानिनों की ड्यूटी लगाई गई है।अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में पोस्टर, बैनर एवं नारा लेखन के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वहीं ग्राम कोटवारों द्वारा मुनादी कर ग्रामीणों को अभियान की जानकारी दी जा रही है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियोरोधी खुराक से वंचित न रहे।स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाकर पोलियोरोधी दवा की दो बूंदें पिलाएं। यह दो बूंदें बच्चों को आजीवन दिव्यांगता का कारण बनने वाले पोलियो रोग से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी उपाय हैं। सभी नागरिकों की सहभागिता से ही जिले और देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकेगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

