जगदलपुर,27 जून (आरएनएस)। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) रायपुर द्वारा शनिवार को जगदलपुर में ‘वार्तालाप विशेष मीडिया संवाद कार्यशाला का आयोजन किया गया।सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वषर्: नक्सलवाद से विकास और विश्वास की ओर बढ़ता बस्तर विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में बस्तर में हुए सामाजिक, आर्थिक और विकासात्मक बदलावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि विकास और शिक्षा हमारी सरकार की सबसे अहम प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने बस्तर सहित देश के दूरस्थ क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन लाया है। उनका कहना था कि जब तक शिक्षा का प्रकाश बस्तर के अंतिम गांव तक नहीं पहुंचेगा और हर नागरिक विकास की मुख्यधारा से नहीं जुड़ेगा, तब तक सुशासन की अवधारणा अधूरी रहेगी।
केंद्रीय मंत्री ने बुनियादी ढांचे, आवास, पेयजल और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों ने सामाजिक-आर्थिक बदलाव को नई गति दी है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत आज मोटे अनाज (मिलेट्स) का दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक देश बन चुका है, जिसका सीधा लाभ बस्तर के उन आदिवासी किसानों को मिल रहा है जो कोदो-कुटकी और रागी जैसी पारंपरिक फसलों की खेती करते हैं।
आदिवासियों के समग्र उत्थान पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद के भय से बाहर निकलकर विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने आदिवासी संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक-आर्थिक विकास और मजबूत सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को केंद्र सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि वनधन केंद्रों, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों और आधारभूत संरचना के विस्तार से आदिवासी समुदाय आत्मनिर्भर और सशक्त बन रहा है।
कार्यशाला में जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पाण्डे, जिला कलेक्टर आकाश छिकारा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क निर्माण, नए स्कूलों की स्थापना, सुरक्षा शिविरों के विस्तार और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
पीआईबी रायपुर के अधिकारियों ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

