रायपुर, 27 जून (आरएनएस) । बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद शनिवार को राजधानी रायपुर पहुंचे। वे भिलाई में आयोजित एक विशेष सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ आए हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान सोनू सूद ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उनसे अयोध्या के राम मंदिर में दान राशि में कथित गड़बड़ी के मामले को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि स्थिति जल्द ही ठीक हो जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में अयोध्या स्थित राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई नकद दान राशि और अन्य चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। मंदिर ट्रस्ट की शिकायत और एसआईटी की प्रारंभिक जांच के आधार पर इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों पर दान राशि में हेराफेरी, आपराधिक साजिश और विश्वास के उल्लंघन जैसे आरोप लगाए गए हैं।
फिलहाल जांच एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कुल कितनी राशि का गबन हुआ है तथा इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
वहीं, सोनू सूद के रायपुर आगमन को लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट पर फैंस की भारी भीड़ जुटी और उन्होंने अभिनेता का जोरदार स्वागत किया। सोनू सूद ने भी अपने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया और इसके बाद कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

