भोपाल 13 मई (आरएनएस)। रचना नगर अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक पर एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक बामने निवासी गौतम नगर जनता क्वार्टर के रूप में हुई है। बुधवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना गोविंदपुरा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की मां कृष्णा बामने ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रात में किसी लड़की को लेकर पड़ोसी से विवाद हुआ था। उस समय अशोक नशे की हालत में था।
आरोप है कि पड़ोसी मंगलवार रात में घर में घुस आया और चारों बेटों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। मां का आरोप है कि इसके बाद उनके एक बेटे को रेलवे ट्रैक पर ले जाकर ट्रेन के सामने धक्का दे दिया गया।
परिजनों के मुताबिक सुबह पुलिस ने सूचना दी, तब उन्हें अशोक की मौत का पता चला। अशोक की शादी नहीं हुई थी। वह मजदूरी करता था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

