मुंबई,27 जून(आरएनएस)। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक अनजान शख्स ने फोन करके रोहित शेट्टी को डराया-धमकाया है और उनसे 20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम की मांग की है। हालांकि, फोन पर क्या बात हुई, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। मुंबई पुलिस फिलहाल कॉल डिटेल और लोकेशन को ट्रेस कर कॉलर की पहचान करने में जुटी है।
रोहित को मिली नई धमकी के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। फोन करने वाले की पहचान अभी नहीं हो सकी है, लेकिन अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इसके पीछे कहीं बिश्नोई गैंग का हाथ तो नहीं है। इससे पहले कुछ महीने पहले रोहित के घर पर हुई फायरिंग मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों का नाम सामने आया था। उस मामले में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इस साल 31 जनवरी और 1 फरवरी की दरमियानी रात रोहित के जुहू स्थित नौ मंजिला बंगले पर बदमाशों ने 5 राउंड फायरिंग की थी। एक गोली जिम के शीशे पर लगी, लेकिन इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ। इस मामले में पुलिस उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुरानी घटना के बाद अब नई धमकी ने एक बार फिर रोहित की सुरक्षा और पुलिस की चिंता बढ़ा दी है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

