रायपुर, 14 मई (आरएनएस)। नवा रायपुर स्थित जनजातीय संग्रहालय में सोमवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग संग्रहालय की छत पर लगे एसी की आउटर यूनिट में विस्फोट के साथ लगी। घटना के दौरान तेज धुआं उठने लगा, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित यह संग्रहालय पूरी तरह वातानुकूलित है। आग लगने के बाद निर्माण कार्य में उपयोग किए गए उपकरणों और उनकी गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग काफी तेज थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि आग पास में लगे अन्य आउटर यूनिट तक नहीं पहुंची, जो आपस में इंटरकनेक्टेड थीं। साथ ही एसी पाइपलाइन या बिजली कनेक्शन के जरिए आग संग्रहालय के भीतर तक नहीं फैली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही नवा रायपुर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया गया। संग्रहालय कर्मचारियों ने बताया कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे संग्रहालय के अंदर रखी सामग्री सुरक्षित बच गई। उल्लेखनीय है कि इस जनजातीय संग्रहालय का उद्घाटन करीब छह माह पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्योत्सव के अवसर पर किया था।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

