भोपाल 14 may, (Rns) । मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने की खबर सामने आई है। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने तुरंत घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने जिले के प्रभारी मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने और घायलों के मुफ्त इलाज कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति, शोक संतप्त परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य में जुटी हुई है। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
बात दें कि अब तक कलेक्टर ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि आरएमओ ने 3 मौतों की बात कही है। हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया गया है। ब्लास्ट इतना तेज था कि शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। हादसे में कई लोग बुरी तरह झुलस गए है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है, घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा है

