कांकेर,15 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा किया है। कोतवाली थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में करीब 6 लाख 54 हजार रुपए के नकली नोट बरामद किए गए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो अपने घर में ही 500-500 रुपए के नकली नोट छाप रहा था।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड इलाके में एक युवक बड़ी मात्रा में नकली नोट लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपए के बड़ी संख्या में नकली नोट बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्रिंटर और अन्य उपकरणों की मदद से घर में ही नकली नोट तैयार करता था। आरोपी कर्ज में डूबा हुआ था और जल्दी पैसा कमाने के लिए उसने नकली नोट छापने का रास्ता अपनाया।
पुलिस ने आरोपी के घर पर छापा मारकर नकली नोट छापने में इस्तेमाल किए गए प्रिंटर और अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिछले 4 से 5 महीनों से इस काम में लगा हुआ था और नशे का आदी भी है।
कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि आरोपी 500 रुपए के नोटों की सिक्योरिटी थ्रेड जैसी सुरक्षा विशेषताओं को भी प्रिंटर के जरिए कॉपी करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नकली नोट कहां खपाने वाला था और क्या इस पूरे मामले में कोई संगठित गिरोह भी शामिल है।
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

