रुद्रपुर,15 मई (आरएनएस)। दो बाइक पर सवार छह युवकों ने लूट के इरादे से दो भाइयों पर हमला कर उसे घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी तहरीर लंबाखेड़ा रुद्रपुर निवासी रेनू कुशवाहा ने कहा है कि 10 मई की रात उसके भाई बिंदुखेड़ा में गए थे। लौटते हुए बिंदुखेड़ा रोड पर दो बाइक में सवार छह युवकों ने लूट के मकसद से उनका पीछा किया। आरोप है कि डंडा मारकर उनकी बाइक गिरा दी और दोनों भाई सड़क पर गिर गए। बाइक सवार युवकों ने डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। हमले में उसके भाई हर्षित कुशवाहा के सिर पर डंडा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर तीसरा भाई अभिषेक मौके पर पहुंचा लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गए थे। मौके पर एक हमलावर का मोबाइल गिरा मिला जिसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। रेनू ने बताया कि हर्षित कुशवाहा की हालत गंभीर है। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

