सुकमा,15 मई (आरएनएस)। जिले के ग्राम पंचायत छिंदगढ़ में आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के निराकरण हेतु 16 एवं 17 मई 2026 को पंचायत भवन में विशेष आधार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह दो दिवसीय शिविर सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगा, जिसमें ग्रामीणों को आधार संबंधी सभी आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।इस शिविर में नया आधार नामांकन, पुराने आधार कार्ड में सुधार, मोबाइल नंबर अपडेट, नाम-पता एवं जन्मतिथि में संशोधन जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही 5 वर्ष एवं 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा जिन नागरिकों का आधार कार्ड 10 वर्ष से अधिक पुराना हो चुका है, वे भारत सरकार के निर्देशानुसार पहचान एवं पते के प्रमाण दस्तावेज अपडेट करवा सकते हैं।शिविर में आने वाले नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने साथ पहचान प्रमाण हेतु वोटर आईडी, पैन कार्ड, राशन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस, पते के प्रमाण हेतु बिजली बिल, बैंक पासबुक या सरपंच द्वारा जारी प्रमाण पत्र तथा जन्मतिथि के लिए जन्म प्रमाण पत्र या हाईस्कूल की मार्कशीट के मूल दस्तावेज अवश्य लेकर आएं। पंचायत सचिव/सरपंच ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाएं ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

