बिलासपुर, 15 मई (आरएनएस)। तालाब किनारे शिव मंदिर के पास पुरानी दुश्मनी ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि डंडों से हुए हमले में युवक के पिता का सिर फट गया और मामला सीधे हत्या के प्रयास तक पहुंच गया, लेकिन बिल्हा पुलिस ने आरोपियों को ज्यादा देर खुला नहीं छोड़ा। बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला अपराध क्रमांक 215/2026 का है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) और 109(2) के तहत कार्रवाई की गई है। घटना 19 अप्रैल 2026 की रात की है, जब मोहतरा निवासी 19 वर्षीय आयुष बरगाह के पिता राजेश बरगाह तालाब स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान रूपेश मेहर और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर डंडों से हमला कर दिया। हमले में राजेश बरगाह के सिर पर गंभीर चोट आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अगले दिन 20 अप्रैल 2026 को आयुष बरगाह पिता राजेश बरगाह निवासी मोहतरा थाना बिल्हा ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर घायल राजेश बरगाह का बेडहेड टिकट प्राप्त किया, जिसमें सिर की चोट गंभीर पाई गई। चोट की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में धारा 109(2) बीएनएस जोड़ी गई और वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद बिल्हा पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की और संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मारपीट की घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी का बत्ता भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहतरा थाना बिल्हा जिला बिलासपुर निवासी 24 वर्षीय दीपक मेहर पिता भागवत मेहर और 20 वर्षीय अन्नू ध्रुव पिता रूगु ध्रुव शामिल हैं, जबकि दो अपचारी बालकों को भी विधि अनुसार हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बिल्हा निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और आरक्षक मुकेश दिव्य की अहम भूमिका रही। बहरहाल, बिल्हा पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि पुरानी रंजिश निकालने के नाम पर हिंसा करने वालों को अब सीधे कानून के शिकंजे का सामना करना पड़ेगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

