धमतरी, 15 मई (आरएनएस)। रात के सन्नाटे में अचानक लाठी-डंडों से लैस युवक घर में घुसे, गालियां दीं, परिवार पर हमला बोला और पूरे मोहल्ले में दहशत फैला दी, लेकिन धमतरी पुलिस ने कुछ ही घंटों में पूरी गैंग को दबोचकर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। धमतरी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गणेश चौक में घर में घुसकर मारपीट, धमकी और उत्पात मचाने वाले 05 आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की शुरुआत 13 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे हुई, जब गणेश चौक निवासी सागर कसार के घर कुछ युवक लाठी, डंडा और रॉड लेकर पहुंचे। आरोपियों ने सुमित कसार और दिलीप सोनकर के बारे में पूछताछ करते हुए पहले गाली-गलौच शुरू की और फिर घर में घुसकर मारपीट करने लगे। विरोध करने पर परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं छोड़ा गया और जान से मारने की धमकी देकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की गई। घटना की रिपोर्ट मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने त्वरित पतासाजी करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी विजय सोनकर उर्फ मोनू के मेमोरण्डम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सदर दक्षिण वार्ड धमतरी निवासी 28 वर्षीय विजय सोनकर उर्फ मोनू पिता संतोष सोनकर, रामबाग धमतरी निवासी 22 वर्षीय अमन सोनकर पिता कमलेश, विध्यवासिनी वार्ड कारगिल चौक धमतरी निवासी 21 वर्षीय विकास निर्मलकर पिता हेमलाल निर्मलकर, विध्यवासिनी वार्ड धमतरी निवासी 27 वर्षीय योगी सोनकर उर्फ छोटू सोनकर पिता स्वर्गीय राम सोनकर और मराठापारा नाथूराम स्कूल के पास धमतरी निवासी 19 वर्षीय सोम त्रिपाठी पिता आलोक त्रिपाठी शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विजय सोनकर उर्फ मोनू और योगी सोनकर उर्फ छोटू सोनकर के खिलाफ पहले से भी सिटी कोतवाली धमतरी में मारपीट और धमकी से जुड़े आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। धमतरी पुलिस ने साफ किया है कि शहर में शांति व्यवस्था बिगाडऩे वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बहरहाल, गणेश चौक में दहशत फैलाने निकले ये आरोपी अब खुद सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

