बिलासपुर, 15 मई (आरएनएस)। आधी रात सुनसान सड़क पर दौड़ रही स्कूटी की डिक्की खुली तो अंदर से ऐसा सामान निकला जिसने पुलिस को भी सतर्क कर दिया। बिल्हा पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटी में धारदार चाकू और स्टील की कैची लेकर घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। बिलासपुर पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में रात्रि गश्त और संदिग्धों की सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा श्री डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना बिल्हा पुलिस ने 15 मई 2026 की रात केशला सिटी के पास मेन रोड पर संदिग्ध वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान स्कूटी क्रमांक सीजी-10-सीसी-4066 में सवार दो युवक पुलिस को संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की और स्कूटी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की के अंदर लोहे का धारदार चाकू और स्टील की कैची बरामद हुई। मौके पर ही पुलिस ने हथियार जब्त कर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निपनिया थाना बिल्हा जिला बिलासपुर निवासी 22 वर्षीय राकेश यादव पिता पूरनलाल यादव और 21 वर्षीय साहिद अली पिता साबिद अली के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 261/2026 के तहत आम्र्स एक्ट की धारा 25 में वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, आरक्षक हरदीप मरावी और आरक्षक सुमन चंद्रवंशी की अहम भूमिका रही। बिल्हा पुलिस ने साफ किया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत रात में घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध हथियार रखने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बहरहाल, बिलासपुर पुलिस का यह एक्शन अपराधियों के लिए साफ संदेश है कि अब रात के अंधेरे में हथियार लेकर घूमना आसान नहीं, हर संदिग्ध गतिविधि पुलिस की नजर में है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

