रायगढ़, 15 मई (आरएनएस)। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे डर, धमकी और अश्लील ब्लैकमेलिंग के ऐसे जाल में बदल गई कि युवती को अपनी इज्जत और परिवार दोनों बचाने के लिए आखिरकार पुलिस का दरवाजा खटखटाना पड़ा, जिसके बाद रायगढ़ पुलिस ने आरोपी को दबोचकर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। रायगढ़ महिला थाना और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में इंस्टाग्राम के जरिए युवती से दोस्ती कर छेडख़ानी, धमकी और अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी सौरभ सिंह राजपूत पिता श्याम किशोर सिंह उम्र 24 वर्ष निवासी लश्करगंज थाना टिकारी जिला गया बिहार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पीडि़ता ने 14 मई 2026 को महिला थाना रायगढ़ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब 7-8 महीने पहले उसकी पहचान आरोपी से इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। 05 जनवरी 2026 को आरोपी रायगढ़ पहुंचा और मेडिकल कॉलेज रोड चक्रधरनगर क्षेत्र में युवती को मिलने बुलाया। वहां उसने पसंद करने की बात कहते हुए गलत नियत से युवती का हाथ पकड़कर छेडख़ानी की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर और बदनामी के भय से युवती ने यह बात अपने परिवार से छिपा ली। इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर उसे परेशान करता रहा और बातचीत बंद करने पर धमकियां देने लगा। 30 अप्रैल 2026 को आरोपी ने युवती पर उसके साथ घूमने जाने का दबाव बनाया और मना करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। भयभीत युवती आरोपी के साथ मथुरा चली गई। 04 मई 2026 को वह ट्रेन से वापस रायगढ़ लौटी, लेकिन आरोपी उसका मोबाइल अपने पास रखकर केवल सिम कार्ड वापस कर दिया। घर लौटने के बाद युवती ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। इसके बाद आरोपी ने युवती से मिलने का दबाव बनाते हुए उसकी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए परिवार वालों को अश्लील फोटो और वीडियो भेजना शुरू कर दिया। शिकायत मिलते ही महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 47/2026 के तहत धारा 74, 75, 79 और 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रेलवे स्टेशन के पास देखा गया है। महिला थाना और साइबर टीम ने तत्काल संयुक्त घेराबंदी कर चक्रधरनगर क्षेत्र से आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुद को यूट्यूबर बताया और अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल OnePlus Nord CE 2 Lite 5G मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस पूरी कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक मालती कंवर, आरक्षक राजेश उरांव तथा साइबर टीम के आरक्षक महेश पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवर और नवीन शुक्ला की अहम भूमिका रही। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने साफ चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बहरहाल, यह मामला सोशल मीडिया की चमक के पीछे छिपे खतरनाक सच की बड़ी चेतावनी है कि ऑनलाइन दोस्ती कभी-कभी सीधे ब्लैकमेलिंग और अपराध के अंधेरे तक पहुंचा सकती है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

