सरगुजा, 15 मई (आरएनएस)। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी हमले में बदल गई, तलवार लहराते बदमाश मोहल्ले में पहुंचे और सिर पर वार कर दहशत फैला दी, लेकिन अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपियों को आखिरकार ढूंढ निकाला। सरगुजा जिले के नमनाकला इलाके में तलवार लेकर मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला 13 मार्च 2026 का है, जब महामाया पेट्रोल पंप के पीछे खटिकपारा नमनाकला निवासी अंजनी सारथी पति तहसील सारथी के साथ मामूली विवाद को लेकर हमला किया गया। शिकायत के अनुसार मोहल्ले का सूर्या सोनवानी उर्फ लेदरी अपने साथी गोपी और गोलू के साथ हाथ में तलवार लेकर पहुंचा और तलवार के हत्थे से सिर पर वार कर दिया, जिससे पीडि़ता को चोट आई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 174/2025 के तहत धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आम्र्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी लगातार तलाश की जा रही थी। नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तीनों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों में झंझटपारा नमनाकला अंबिकापुर निवासी 19 वर्षीय सूर्या सोनवानी उर्फ लेदरी पिता घाना सोनवानी, नमनाकला खटिकपारा अंबिकापुर निवासी 27 वर्षीय गोपी चौधरी पिता शिवबली चौधरी और नमनाकला अंबिकापुर निवासी 24 वर्षीय रवि गुप्ता उर्फ गोलू पिता नन्दकिशोर गुप्ता शामिल हैं। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लोहे की तलवार भी बरामद कर ली। इसके बाद 14 मई 2026 को तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक के.के. यादव, प्रधान आरक्षक रजनीकांत मिश्रा, सियाराम मरावी, सतीश सिंह तथा आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, लालभुवन सिंह और अमित विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बहरहाल, अंबिकापुर पुलिस का यह एक्शन साफ संकेत है कि मामूली विवाद को हथियारों के दम पर खूनी रंग देने वालों को अब सीधे जेल की हवा खानी पड़ेगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

