रायपुर, 16 मई (आरएनएस)। देशभर में जहां भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, वहीं छत्तीसगढ़ में लगातार मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर में शनिवार देर शाम अचानक तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को चौंका दिया। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
तेज हवाओं के चलते शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। खराब मौसम के कारण कई इलाके अंधेरे में डूब गए। वहीं शंकर नगर मेन रोड पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हो गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में दोपहर बाद अचानक बादल छा गए और मौसम का मिजाज बदल गया। आने वाले घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। फिलहाल बारिश और बादलों के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सिस्टम कमजोर पडऩे के बाद गर्मी फिर बढ़ सकती है।
राजधानी रायपुर में फिलहाल तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जो आगामी चार दिनों में बढ़कर 44 डिग्री तक पहुंच सकता है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

