बागेश्वर,16 मई (आरएनएस)। हरसीला-सीमा मोटर मार्ग के डामरीकरण को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट को लोक निर्माण विभाग ने भ्रामक बताया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य नियमानुसार प्रगति पर है। लोक निर्माण विभाग कपकोट के अधिशासी अभियंता अमित कुमार पटेल ने बताया कि मोटर मार्ग के चार किलोमीटर हिस्से के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए 237.48 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। निविदा प्रक्रिया और अनुबंध गठन के बाद छह मार्च से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मार्ग पर डिफेक्ट कटिंग, सुरक्षा दीवार निर्माण और सोलिंग का कार्य तेजी से चल रहा है।इसके बाद पूरे मार्ग का डामरीकरण कराया जाएगा।अधिशासी अभियंता ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में दी गई जानकारी तथ्यात्मक रूप से गलत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा किसी भी जानकारी के लिए संबंधित विभाग से आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

