0 श्रीराम कथा से पूर्व शहर हुआ राममय, ड्रोन से हुई पुष्प वर्षा
एमसीबी/चिरमिरी, 17 मई (आरएनएस)। एमसीबी जिले के चिरमिरी शहर में 17 मई से आयोजित होने जा रही भव्य श्रीराम कथा के पूर्व विशाल कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में 10 हजार से अधिक मातृ शक्तियों ने शामिल होकर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। करीब 5 किलोमीटर लंबी इस यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।
कलश यात्रा के दौरान जय श्रीराम के उद्घोष और रामधुन से चिरमिरी का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर ड्रोन के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई, जिसने आयोजन को और भव्य बना दिया। इस विशाल आयोजन की निगरानी स्वयं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करते नजर आए। यात्रा में सरगुजा संभाग सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में मातृ शक्तियां और श्रद्धालु पहुंचे। कलश यात्रा के पश्चात परम पूज्य अनंत श्री जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज के श्रीमुख से श्रीराम कथा का अमृतमय वाचन किया जाएगा। यात्रा मार्ग में विभिन्न चौक-चौराहों पर नगर के व्यापारी, धर्मावलंबी एवं समाजसेवी संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शरबत और शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई थी।
श्रीराम कथा आयोजन समिति ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
0

