दुर्ग, 17 मई (आरएनएस)। भिलाई के परिवार चौक में शराब के लिए पैसे मांगने वाले बदमाशों ने राहगीर को बीच सड़क पर घेरकर पीटा और फिर फरार हो गए, लेकिन पुलिस और पेट्रोल पंप स्टाफ की सतर्कता ने पूरी कहानी पलट दी। थाना भिलाई नगर पुलिस ने मारपीट मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 15 मई 2026 की रात करीब 11:35 बजे की है, जब प्रार्थी अपनी कार में पेट्रोल भरवाने सेक्टर-06 स्थित पेट्रोल पंप जा रहा था। परिवार चौक के पास वाहन रोककर मोबाइल पर बात कर रहे युवक के पास दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए। घटना के बाद चारों आरोपी मौके से भाग निकले। पीडि़त किसी तरह सेक्टर-06 स्थित पेट्रोल पंप पहुंचा तो वहीं आरोपी दोबारा दिखाई दिए। प्रार्थी ने तुरंत पेट्रोल पंप कर्मचारियों को पूरी घटना बताई। स्टाफ की सतर्कता से मौके पर ही दो आरोपियों को पकड़ लिया गया जबकि दो आरोपी फिर फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपियों को हिरासत में लिया। मामले में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 257/2026 धारा 296, 351(3), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पहले ही आरोपी रितिक चौहान और अभिषेक वासनिक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। विवेचना के दौरान 17 मई 2026 को पुलिस ने फरार आरोपी दीपक घरडे उम्र 26 वर्ष निवासी 7 एल रेसने आवास नेहरू नगर थाना सुपेला और राहुल भौतिक उम्र 26 वर्ष निवासी दीक्षित कॉलोनी कोसा नगर थाना सुपेला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें और अन्य सामग्री भी जब्त की है। इस पूरी कार्रवाई में थाना भिलाई नगर पुलिस और पेट्रोल पंप कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों या मारपीट जैसी घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके। फिलहाल, इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि सड़क पर गुंडागर्दी और शराब के नाम पर दहशत फैलाने वालों को अब ज्यादा दिन खुला घूमने का मौका नहीं मिलेगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

