महासमुंद, 18 मई (आरएनएस)।छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में वाहन चेकिंग के दौरान सिंघोड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जांच के दौरान एक कार से करीब 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों के जरिए अवैध सामान और नशे की तस्करी की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध लगने पर गुजरात नंबर की कार क्रमांक जीजे 03 एनपी 4230 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को कार में बने एक गुप्त चेंबर से पि_ू बैग मिला। बैग खोलने पर उसमें भारी मात्रा में सोने के जेवरात बरामद हुए। पुलिस के अनुसार जब्त सोने का कुल वजन 7 किलो 512 ग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने कार में सवार गुजरात निवासी तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे राजकोट से सोने के जेवर बेचने आए थे, लेकिन वे सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या बिल प्रस्तुत नहीं कर सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना कहां ले जाया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

