उत्तरकाशी 18 मई (आरएनएस)। राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों ने टीईटी समाप्त करने सहित 13 सूत्री मांगों को लेकर सीईओ कार्यालय में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर क्षेत्र में रैली निकालकर डीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन प्रेषित किया। साथ ही जल्द मांगों का निस्तारण न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। सोमवार को बड़ी संख्या में राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ से जुडे शिक्षक सीईओ कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। शिक्षक संघ के अध्यक्ष भरत सिंह महर, कोषाध्यक्ष घनश्याम प्रसाद, मंत्री दिनेश सिंह चौहान ने कहा कि लंबे समय से जूनियर हाईस्कूल शिक्षक टीईटी परीक्षा से मुक्त रखने, प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापकों को पूर्ण सेवाकाल में तीन पदोन्नतियां देने, पुरानी पेंशन बहाली करने, प्रदेश के समस्त जूनियर हाईस्कूलों में पांचवां पद अंग्रेजी विषय का अनिवार्य रूप से सृजित किए जाने सहित अन्य 13 सूत्रीय मांग कर रहे हैं। इस मौके पर भगत सिंह महर, घनश्याम प्रसाद, दिनेश सिंह, शूरवीर सिंह, महावीर सजवाण, भूपेंद्र सिंह, तेग सिंह, मोहन लाल, सुचिता पंवार, सुधा मटूडा, विजेंद्री राज, अनिता शाह, रोशनी बिष्ट, जयलक्ष्मी रावत संजय पंवार, सुभाष शाह, हेमंती डंगवाल, पुलिस सिंह, रमेश चौहान आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

