कोटद्वार 18 मई (आरएनएस)। राजकीय बेस अस्पताल में दो मेडिकल अफसरों की तैनाती की गई है। वहीं, वरिष्ठ महिला चिकित्सक की संविदा पर तैनाती की गई है। अब विशेष परिस्थिति में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों को इमरजेंसी वार्ड में लगाया जाएगा। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. विवेक बड़थ्वाल व डॉ. विवेक गर्ग की तैनाती बतौर मेडिकल अफसर राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में की गई है। इनमें डॉ. विवेक बड़थ्वाल ने ड्यूटी ज्वाइन करते हुए सोमवार को इमरजेंसी वार्ड में मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। अब तक अस्पताल में चार मेडिकल अफसर डॉ. कोमल, डॉ. हिमांशु, डॉ. नितिन, डॉ. मयंक कार्यरत थे। मात्र चार मेडिकल अफसर होने के कारण आए दिन विशेषज्ञ चिकित्सकों को इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर लगाना पड़ रहा था। अब बेस अस्पताल में छह मेडिकल अफसर होने से संभव है कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी इमरजेंसी वार्ड में नहीं लगे और उनकी ओपीडी पूरी क्षमता के साथ संचालित हो सके। वहीं, हाल ही में सेवानिवृत्त हुईं महिला चिकित्सक डॉ. भावना अग्रवाल को संविदा पर तैनात किया गया है। अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय सिंह ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

