नई टिहरी,18 मई (आरएनएस)। लंबगांव रेंज के जंगल में रविवार देर शाम अचानक भीषण आग भड़क उठी जिससे कई हेक्टेयर वन क्षेत्र आग की चपेट में आ गई जिसमें वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचा है। वन विभाग की टीम रातभर आग बुझाने के प्रयास में जुटी रही। सोमवार को दोपहर बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बीती शाम को संयारी, बौंसाडी तोक जंगलों में दो अलग-अलग स्थानों पर अचानक आग भड़क गई। तेज हवा के साथ आग भी तेजी से फैलती गई चली गई। आग की लपटें इतनी भयानक थी कि वन विभाग की टीम को आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना पर रेंजर सौरभ सिंह के नेतृत्व में वन कर्मियों की टीम आग बुझाने पहुंची। टीम देर रात तक आग बुझाने के प्रयासों में जुटी रही लेकिन विकराल रूप धारण कर चुकी आग पर नियंत्रण पाना मुश्किल हो गया था। सोमवार तड़के से टीम पुन: आग बुझाने में जुट गई थी। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर ही आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया। रेंजर सौरभ सिंह ने बताया कि दो स्थानों पर आग कैसे लगी इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वाहन से यात्रा करते समय जलती हुई माचिस की तिल्ली या बीड़ी-सिगरेट जंगलों की ओर न फेंकें। कूड़ा-कचरे को खुले स्थानों पर न जलाकर सुरक्षित स्थान पर जलाए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

