सारंगढ़-बिलाईगढ़ 18 मई (आरएनएस) अवैध महुआ शराब का काला कारोबार उस वक्त पुलिस के शिकंजे में आ गया जब कनकबीरा चौकी पुलिस ने बॉर्डर इलाके में घेराबंदी कर एक युवक को 30 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। जिले में अवैध शराब बिक्री और परिवहन पर सख्ती के निर्देश के बाद चौकी कनकबीरा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक टीकाराम खटकर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कलगीडीपा की ओर से एक युवक बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सराईपाली बॉर्डर क्षेत्र में गवाहों के साथ घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। देर शाम नाला की तरफ से आते एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से दो प्लास्टिक झोलों में 5-5 लीटर के पॉलिथीन पैकेटों में भरी कुल 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान महेश कुमार निषाद पिता स्वर्गीय गणेशाराम निषाद उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम कलगीडीपा चौकी कनकबीरा थाना सारंगढ़ के रूप में हुई। आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही अवैध शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अपराध क्रमांक 230/26 के तहत धारा 34(2) और 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक टीकाराम खटकर, प्रधान आरक्षक पवन कुमार जांगड़े, आरक्षक जगजीवन खुटे, कुंज बिहारी निराला और पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस अब क्षेत्र में अवैध शराब के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। बहरहाल, बॉर्डर इलाके में पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब अवैध शराब का धंधा करने वालों के लिए कानून का शिकंजा लगातार और कड़ा होने वाला है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

