सारंगढ़ बिलाईगढ़ 18 मई (आरएनएस) सरकारी काफिलों की चमक-दमक से अलग इस बार सारंगढ़-बिलाईगढ़ प्रशासन ने सड़क पर ऐसा संदेश दिया जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया, जब कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू सहित जिले के अधिकारी निजी वाहनों का काफिला छोड़ बस में बैठकर सीधे हरदी सुशासन तिहार शिविर पहुंचे। प्रधानमंत्री Narendra Modi के ईंधन बचत और सामूहिक परिवहन के आह्वान को जमीन पर उतारते हुए सोमवार 18 मई 2026 को जिले के अधिकारियों ने एक साथ बस से यात्रा कर प्रशासनिक कार्यशैली में अलग मिसाल पेश की। हरदी में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के लिए रवाना हुए अधिकारियों का यह कदम केवल यात्रा नहीं बल्कि पेट्रोल-डीजल की बचत, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग का संदेश बन गया। बस में सफर करते अधिकारियों को देखकर रास्ते भर लोगों में चर्चा होती रही और शिविर पहुंचने पर भी यह पहल आकर्षण का केंद्र बनी रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने सामूहिक यात्रा के जरिए यह संकेत देने की कोशिश की कि यदि सरकारी स्तर पर छोटे-छोटे बदलाव किए जाएं तो ईंधन की बड़ी बचत संभव है। सुशासन तिहार शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान, योजनाओं की जानकारी और प्रशासन को जनता के करीब लाना है, लेकिन इस बार अधिकारियों का बस से पहुंचना भी पूरे कार्यक्रम का खास संदेश बन गया। लोगों ने इस पहल को सराहा और कहा कि जब अधिकारी खुद उदाहरण पेश करेंगे तभी आम जनता भी ऐसे अभियानों से जुड़ाव महसूस करेगी। बहरहाल, हरदी की यह यात्रा सिर्फ एक प्रशासनिक दौरा नहीं रही, बल्कि बदलती सोच और जिम्मेदार प्रशासन की चलती-फिरती तस्वीर बनकर सामने आई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

