जशपुर 19 मई (आरएनएस) रात के अंधेरे में किराना दुकान का शटर तोड़कर लाखों का माल उड़ाने वाले शातिर चोर आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए। जशपुर शहर में सनसनी फैलाने वाली इस हाईप्रोफाइल चोरी का खुलासा करते हुए जशपुर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में रिफाइन तेल, चावल, साबुन, सिगरेट, नकदी और चोरी में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त किया है। मामला सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है, जहां मधुबन टोली निवासी 37 वर्षीय किराना व्यापारी विक्रम ताम्रकार की लक्ष्मी गुडी मंदिर के पास स्थित “विक्रम किराना दुकान” को 8 और 9 मई 2026 की दरमियानी रात निशाना बनाया गया था। चोर दुकान का शटर तोड़कर करीब एक लाख रुपये कीमत की खाद्य सामग्री लेकर फरार हो गए थे। सुबह ड्राइवर की सूचना पर पहुंचे व्यापारी ने दुकान का टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर तुरंत पुलिस को खबर दी, जिसके बाद थाना सिटी कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4), 305(A), 3(5) और 317(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर टीम को एक्टिव किया और मुखबिर तंत्र को लगाया। जांच के दौरान नवाटोली, बनिया टोली, सरना टोली और karbala रोड के कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। इसके बाद पुलिस ने विरेन्द्र भगत उर्फ लड्डू, कार्तिक भगत, अजय रवानी और पमित बरला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में चारों टूट गए और खुलासा किया कि उन्होंने नवाजिश खान के साथ मिलकर चोरी की पूरी वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने चोरी का माल नवाजिश खान के ऑटो क्रमांक JH-07-E-7736 में भरकर झारखंड के गुमला जिले के सकतारा गांव निवासी दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस टीम ने झारखंड में दबिश देकर चोरी का माल खरीदने वाले अमृत लाल केरकेट्टा को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार आरोपी नवाजिश खान को साइबर ट्रैकिंग के जरिए सिमडेगा झारखंड से पकड़कर जशपुर लाया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58 डिब्बा 13 लीटर वाला हरी केशरी कंपनी का रिफाइन तेल, 7 बोरी चावल, 15 पाउच रिफाइन तेल, 34 बोतल सरसों तेल, एक पेटी साबुन, 36 पैकेट सिगरेट, चोरी के माल की बिक्री से मिले 1005 रुपये और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी
- विरेन्द्र भगत उर्फ लड्डू, उम्र 29 वर्ष, निवासी नवाटोली, जशपुर।
- अजय रवानी, उम्र 40 वर्ष, निवासी बनिया टोली, जशपुर।
- कार्तिक भगत, उम्र 26 वर्ष, निवासी नवाटोली, जशपुर।
- पमित बरला, उम्र 20 वर्ष, निवासी सरना टोली, जशपुर।
- अमृत लाल केरकेट्टा, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम सकतारा, थाना जारी, जिला गुमला, झारखंड। (चोरी का सामान खरीदने वाला)
- नवाजिश खान, उम्र 34 वर्ष, निवासी करबला रोड, जशपुर, जिला जशपुर छत्तीसगढ़।
पांच आरोपियों को 18 मई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है जबकि सिमडेगा से पकड़े गए फरार आरोपी नवाजिश खान को भी न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, साइबर सेल के उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक अनूप भगत, प्रधान आरक्षक राजेश पाल, आरक्षक उपेंद्र सिंह, नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख और रवि डनसेना की अहम भूमिका रही। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने साफ कहा है कि चोरी और चोरी का माल खरीदने वाले अपराधियों पर पुलिस आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई करेगी। बहरहाल, जशपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि चाहे चोर शहर में छिपे हों या राज्य की सीमा पार भाग जाएं, कानून की पकड़ से बचना अब आसान नहीं।


