New Delhi 19 may, (Rns) /- कैथल के कलायत क्षेत्र में मंगलवार सुबह दो सगी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान कलायत निवासी 20 वर्षीय पलक और 18 वर्षीय परमजीत के ताैर पर हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों बहनें प्रतिदिन सुबह करीब 5 बजे सैर करने के लिए घर से निकलती थीं। मंगलवार को भी वे सुबह सैर के लिए घर से निकली थीं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं।
बाद में परिवार के लोग उन्हें तलाशते हुए कपिल मुनि तालाब पहुंचे, जहां उनके डूबने की सूचना मिली। घटना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से तलाश अभियान शुरू किया गया।
इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी तालाब में उतरकर दोनों युवतियों की तलाश में मदद की। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को तालाब से बाहर निकाला गया और तुरंत कैथल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
कलायत थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शव तालाब से बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेजे गए।
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

