सीबीआई ने आरोपी को छप्पा टोल प्लाजा से दबोचा
कोलकाता 19 मई (आरएनएस)। शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई को बड़ी सफलता मिली है। मामले में उत्तर प्रदेश से राजकुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी हरिद्वार के रास्ते दिल्ली भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मुजफ्फरनगर के छप्पा टोल प्लाजा से उसे दबोच लिया गया। जांच एजेंसियों के अनुसार, हमलावरों के इस्तेमाल किए गए वाहन के फास्टैग डेटा ने पूरे केस की दिशा बदल दी। टोल प्लाजा से मिले लोकेशन और टाइमिंग डेटा के जरिए पुलिस ने आरोपियों की मूवमेंट ट्रैक की और उत्तर प्रदेश तक पहुंच गई। इसी आधार पर कई राज्यों में छापेमारी की गई।
इससे पहले एसआईटी ने उत्तर प्रदेश से तीन कथित किराए के शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद से ही सभी आरोपी फरार थे। पुलिस का मानना है कि यह हत्या पूरी प्लानिंग और प्रोफेशनल तरीके से अंजाम दी गई। सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी ने रविवार को बिहार और उत्तर प्रदेश में संयुक्त अभियान चलाया। बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा के बक्सर इलाके से मयंक शर्मा, विक्की सिंह और राजबीर सिंह समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के लिए सभी को भवानी भवन लाया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मयंक शर्मा ने हत्या से पहले पूरे इलाके की रेकी की थी। 6 मई की रात उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की उनके घर से करीब 200 मीटर दूर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय वह निजाम पैलेस से लौट रहे थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हमलावरों ने करीब सात किलोमीटर तक रथ की एसयूवी का पीछा किया था। हमले में उनके चालक बुद्धदेव बेरा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस को शुरुआत से ही शक था कि इस हत्याकांड में दूसरे राज्यों के पेशेवर शार्प शूटर शामिल हैं। इसी वजह से एसयूवी की टीमों ने उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में अभियान चलाया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

